Ranchi News। बहुचर्चित चारा घोटाले मामले में गिरफ्तार आरोपी सत्येंद्र कुमार को शनिवार को सीबीआई के प्रभारी विशेष न्यायाधीश की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में लेते हुए बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, होटवार भेज दिया। सत्येंद्र करीब 30 साल से फरार चल रहा था। अधिवक्ता स्वरूप सिन्हा ने जानकारी दी कि उसे चारा घोटाला कांड संख्या आरसी 56ए/1996 में रिमांड किया गया है। बताया गया कि सत्येंद्र कुमार पहले मैन्युफैक्चरिंग का काम करता था। चारा घोटाले में नाम आने के बाद से ही वह जांच एजेंसियों से बचता फिर रहा था और लंबे समय से फरार था। कानून की आंख में धूल झोंककर फरार चल रहे घोषित अपराधी सत्येंद्र कुमार को उत्तर प्रदेश के लखनऊ से दबोचने में सीबीआई सफलता हासिल की है। ट्रांजिट रिमांड पर रांची लाए जाने के बाद शनिवार को उसे सीबीआई के विशेष कोर्ट में पेश किया गया।
क्या है पूरा मामला और कैसे बना फर्जीवाड़ा?
जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी सत्येंद्र कुमार ने अपने एक अन्य सहयोगी दिनेश राय के साथ मिलकर फर्जी तरीके से दवा निर्माण करने वाली एक फर्म बनाई थी। सत्येंद्र और उसके साथी ने रांची के बीआईटी मेसरा (BIT Mesra) संस्थान से बी-फार्मा की पढ़ाई की थी। इसके बाद दोनों ने मिलकर कागजों पर ही पशुपालन विभाग को बड़े पैमाने पर दवाइयों की आपूर्ति दिखाई।
आरोप है कि बिना वास्तविक आपूर्ति के केवल कागजी दस्तावेजों और फर्जी बिलों के आधार पर सरकारी खजाने से 10 करोड़ रुपये से अधिक की राशि की अवैध निकासी कर ली गई थी। इस बड़े वित्तीय घोटाले में सीबीआई ने वर्ष 2001 में ही सत्येंद्र कुमार के खिलाफ अदालत में आरोपपत्र (Charge Sheet) दाखिल कर दिया था।
25 साल की लंबी फरारी और नेपाल कनेक्शन
चार्जशीट दाखिल होने और कोर्ट से समन जारी होने के बाद से ही सत्येंद्र कुमार भूमिगत हो गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने पटना स्थित अपना मूल आवास भी छोड़ दिया था। लंबे समय तक अदालत में पेश न होने पर उसके खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट (Permanent Arrest Warrant) जारी किया गया था। जांच एजेंसियों को खुफिया इनपुट मिले थे कि अपनी फरारी के दौरान वह नेपाल में छिपा हुआ था और वहां भी दवा का कारोबार कर रहा था। हाल ही में उसके नेपाल से भारत लौटने कीू पुख्ता सूचना सीबीआई को मिली थी।

ट्रेन में ऐसे बिछाया गया जाल और हुई गिरफ्तारी
सीबीआई की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (ACB), रांची की टीम लगातार भौतिक और तकनीकी सर्विलांस (Technical Surveillance) के जरिए उसपर नजर बनाए हुए थी। एजेंसी को पुख्ता सूचना मिली थी कि आरोपी सत्येंद्र मध्य प्रदेश के गुना से ट्रेन के जरिए उत्तर प्रदेश के लखनऊ आ रहा है। इस सूचना के आधार पर सीबीआई की एक विशेष टीम ने लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर पहले से ही मोर्चा संभाल लिया था। जैसे ही गुरुवार की देर रात (मध्यरात्रि) ट्रेन प्लेटफॉर्म पर पहुंची, सादे लिबास में मौजूद सीबीआई अधिकारियों ने बोगी के अंदर ही उसकी पहचान कर ली और उसे दबोच लिया।





