Ranchi: सिविल कोर्ट रांची के प्रधान न्यायायुक्त दिवाकर पांडे का स्थानांतरण डाल्टेनगंज कर दिया गया है। वहीं जमशेदपुर के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनिल कुमार मिश्रा को रांची का प्रधान न्यायायुक्त बनाया गया है। दिवाकर पांडे का स्थानांतरण सिर्फ एक साल दो महीने के अंतराल में कर दिया गया है। वह सिविल कोर्ट रांची के न्यायायुक्त के पद पर 7 फरवरी 2024 को योगदान दिए थे। जानकारी हो कि अनिल कुमार मिश्रा सिविल कोर्ट रांची के सीबीआई और पीएमएलए कोर्ट में करीब तीन साल जज रह चुके हैं। झारखंड हाईकोर्ट ने रांची समेत जमशेदपुर और डाल्टेनगंज सिविल कोर्ट के जिला न्यायाधीशों का स्थानांतरण सह पोस्टिंग की अधिसूचना जारी कर दी है। ट्रांसफर-पोस्टिंग की अधिसूचना जारी होने के बाद इन्हें अविलंब नए पदस्थापन वाली जगह पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है।
सूची के मुताबिक, रांची सिविल कोर्ट के प्रधान न्यायायुक्त दिवाकर पांडेय को डाल्टेनगंज जिले का प्रधान जिला न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही जमशेदपुर सिविल कोर्ट के प्रधान जिला न्यायाधीश के पद पर कार्यरत अनिल कुमार मिश्रा को रांची सिविल कोर्ट का प्रधान न्यायायुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं गिरिडीह सिविल कोर्ट के प्रधान जिला न्यायाधीश अरविंद कुमार पांडेय को जमशेदपुर सिविल कोर्ट का प्रधान जिला न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।