Ranchi News: ठेका दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में जेल में बंद Upendra Nath Mandal ने झारखंड हाईकोर्ट में जमानत याचिका दाखिल की है। गुरुवार को मामले की सुनवाई करते हुए Anubha Rawat Choudhary की अदालत ने सीबीआई को जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया। मामले की अगली सुनवाई 11 जून को निर्धारित की गई है। बताया गया कि MECON के मेटलर्जिकल विंग में सीनियर मैनेजर रहे उपेंद्र नाथ मंडल पर विभिन्न कंपनियों को ठेका दिलाने के एवज में भारी रिश्वत लेने का आरोप है।
सीबीआई के अनुसार, उन्होंने मेसर्स जील इंडिया केमिकल्स से करीब 48.55 लाख रुपये तथा मेसर्स शिव मशीन टूल्स से लगभग 94.39 लाख रुपये रिश्वत के रूप में प्राप्त किए। जांच एजेंसी का दावा है कि कुल करीब 1.42 करोड़ रुपये की राशि बैंकिंग माध्यम से उनके परिजनों के खातों में ट्रांसफर की गई। सीबीआई का आरोप है कि यह रिश्वत दुर्गापुर स्टील प्लांट और बोकारो स्टील प्लांट में मिल लेबोरेटरी एवं कोल्ड रोलिंग मिल से जुड़े ठेके दिलाने के बदले ली गई थी। मामले में जांच जारी है।

